*अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने चांडिल के पांच बूथों का किया निरीक्षण
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-अपर सचिव सुबोध कुमार ने 50-ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के चांडिल प्रखंड स्थित मतदान केंद्र संख्या 261, 262, 310, 318 और 319 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ, बीएलए -2 की चौथी बैठक और मेगा हेल्प डेस्क कैंप की गतिविधियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने बूथ स्तरीय अधिकारियों से मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, प्रविष्टियों में सुधार तथा पात्र युवाओं के पंजीकरण की जानकारी ली। उन्होंने शिविर में पहुंचे मतदाताओं से संवाद कर उनकी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों के बारे में जाना। संबंधित कर्मियों को प्रत्येक आवेदक की समस्या गंभीरता से सुनने, उचित मार्गदर्शन देने और आवेदनों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सुबोध कुमार ने निर्वाचन पाठशाला में बच्चों के साथ सहभागिता करते हुए उन्हें एसआईआर 26 की प्रक्रिया, मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाताओं की भूमिका की जानकारी दी।
उन्होंने निर्देश दिया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। वहीं, नाम, पता या अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 के उपयोग की जानकारी मतदाताओं को दी जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक पंजीकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए।
इस दौरान ईचागढ़ के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, संबंधित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

