नवरात्र में आपत्तिजनक गरबा आयोजनों का विरोध करेगा विहिप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। नवरात्र के दौरान गरबा-डांडिया के नाम पर कथित तौर पर अश्लील एवं आपत्तिजनक तरीके से कार्यक्रम आयोजित किए जाने का विश्व हिंदू परिषद (विहिप) जमशेदपुर महानगर ने विरोध जताया है।
विहिप की टीम ने बुधवार, 8 अक्टूबर को अनुमंडल पदाधिकारी से मुलाकात कर ऐसे आयोजनों की जानकारी देते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि नवरात्र हिंदू समाज के लिए आस्था और श्रद्धा का पर्व है। ऐसे में गरबा-डांडिया के आयोजन में धार्मिक भावनाओं और परंपराओं का ध्यान रखा जाना चाहिए।

विहिप का आरोप है कि शहर में कुछ आयोजकों द्वारा गरबा नाइट को व्यवसायिक रूप देते हुए पोस्टर, बैनर और टिकट-पास में आपत्तिजनक सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। रीगल ग्राउंड और बाराद्वारी में प्रस्तावित आयोजनों को लेकर भी संगठन ने आपत्ति जताई है।
विहिप ने जिला प्रशासन से ऐसे आयोजनों की जांच कर आपत्तिजनक प्रचार सामग्री पर कार्रवाई, आवश्यक होने पर अनुमति रद्द करने तथा सभी गरबा-डांडिया आयोजकों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है। संगठन ने कहा कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि का वह विरोध करेगा।

