रूपी सोरेन के निधन पर मेयर सुधा गुप्ता और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने जताया शोक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माताजी एवं दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की धर्मपत्नी श्रीमती रूपी सोरेन के निधन पर मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने गहरा शोक व्यक्त किया है। दोनों ने रूपी सोरेन के निधन को सोरेन परिवार के साथ-साथ झारखंड के सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन के लिए भी अपूरणीय क्षति बताया।
सुधा गुप्ता ने कहा कि मां का निधन किसी भी परिवार के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं। उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन ने परिवार के प्रति समर्पण, स्नेह और ममत्व की मिसाल कायम की तथा विपरीत परिस्थितियों में परिवार को मजबूती प्रदान की। वहीं बन्ना गुप्ता ने कहा कि मां का स्थान जीवन में कोई नहीं ले सकता। उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन परिवार की मातृशक्ति थीं और कठिन परिस्थितियों में परिवार को एकजुट रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दोनों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित पूरे शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने और परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

