झारखंड में पहली बार 108 मुख और 121 हाथों वाली मां दुर्गा की प्रतिमा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। परसुडीह स्थित श्री शिव मंदिर परिसर में इस वर्ष दुर्गापूजा का आयोजन अनोखे स्वरूप के साथ होगा। पूजा कमेटी की ओर से 108 मुख और 121 हाथों वाली मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित की जा रही है। आयोजकों का दावा है कि झारखंड में इस तरह की प्रतिमा पहली बार स्थापित की जा रही है।
करीब 3.50 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रही प्रतिमा का निर्माण पश्चिम बंगाल के कारीगर कर रहे हैं। आयोजकों के अनुसार 108 मुख मां दुर्गा की विभिन्न शक्तियों और स्वरूपों का प्रतीक हैं, जबकि 121 हाथों के माध्यम से उनकी शक्ति को दर्शाया गया है।
पंडाल में भगवान गणेश के जन्म से पुनर्जीवन तक की कथा को मॉडल के जरिए जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। पूजा कमेटी का कहना है कि हर वर्ष कुछ नया करने की परंपरा के तहत इस बार यह विशेष स्वरूप तैयार किया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।

