जर्जर सड़क की मरम्मत व कालीकरण की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
पोटका के ग्वालकाटा पंचायत के पंचायत प्रतिनिधि सह पूर्व मुखिया सीताराम हांसदा ने उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम को आवेदन देकर बलीपुस से गोरग्राम, बोहड़ा घुटु, ढंगोंडिया, सहरजुड़ी होते हुए जुभी कोचा तक जर्जर सड़क की मरम्मत और पुनः कालीकरण कराने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि करीब 10 वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी यह सड़क वर्तमान में पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क का कालीकरण गायब हो गया है और जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं। भारी हाइवा वाहनों के लगातार आवागमन से स्थिति और खराब हुई है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
हांसदा ने कहा कि जंगल क्षेत्र में बसे लोगों के लिए यह प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसी सड़क से स्कूली बच्चे, मरीज, दैनिक मजदूर समेत ग्रामीण आवागमन करते हैं। सड़क खराब होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल में सहदेव हेम्ब्रम और नरसिंह समाद भी शामिल थे।

