रफ्तार ने बुझाए तीन घरों के चिराग
*बाइक सवार तीन दोस्तों को पीछे छोड़ गया मातम; टक्कर के बाद चारपहिया वाहन फरार*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, नीमडीह
रात का सन्नाटा और सड़क पर तेज रफ्तार वाहन तीन परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द छोड़ गया। पुरुलिया-जमशेदपुर मुख्य मार्ग पर मालती दांतीया के पास, पुलिस चेकपोस्ट के नजदीक सोमवार देर रात तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र के जुगिलंग गांव निवासी लोकेश गोप (26), शिवराम गोप (25) और स्वपन गोप के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों एक ही बाइक से बलरामपुर के छाता मेला में पनामा सर्कस देखकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मालती दांतीया के समीप तेज रफ्तार चारपहिया ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर जा गिरे।
सूचना पर बलरामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बांसगढ़ ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने लोकेश और शिवराम को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल स्वपन को पुरुलिया मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर तफ्तीश शुरू कर दी है।

