सामूहिक पोषण मेला में संतुलित आहार का संदेश
बेगूसराय राष्ट्र संवाद ब्यूरो
पोषण माह के तहत आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 68 की सेविका बिना कुमारी के केंद्र पर सोमवार को सेक्टर-2 स्तरीय सामूहिक पोषण मेला आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्र के 30 आंगनबाड़ी केंद्रों की सेविका-सहायिकाओं ने भाग लिया। मेले में गर्भवती एवं धात्री महिलाओं और बच्चों को संतुलित आहार तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन एलएस उपासना कुमारी एवं मौजूद जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। पोषण मेले में सेविकाओं ने पोषण रंगोली के माध्यम से मोटे अनाज, मौसमी फल, हरी सब्जियां और संतुलित खान-पान के महत्व को प्रदर्शित किया। रंगोली के जरिए परिवार में उपलब्ध स्थानीय खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करने का संदेश दिया गया।
एलएस उपासना कुमारी ने कहा कि बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित रूप से संतुलित और पौष्टिक आहार लेना जरूरी है। पोषण माह का उद्देश्य लोगों को खान-पान और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है, ताकि इसका लाभ परिवार के स्तर पर भी दिखाई दे। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषण संबंधी जानकारी को अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने की बात कही।
सामूहिक पोषण मेले में सेविकाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छ खान-पान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एलएस उपासना कुमारी ने की। मौके पर सेविका सावित्री देवी, प्रेमशिला कुमारी, इंदु कुमारी, गीता देवी, पुष्पा कुमारी सहित अन्य सेविका-सहायिका मौजूद थीं।

