मानगो में पेयजल व्यवस्था सुधारने की पहल, 9 योजनाओं की टेंडर प्रक्रिया पूरी
करीब 1.02 करोड़ रुपये होंगे खर्च, कार्यादेश जारी होने के 10 दिनों के भीतर काम शुरू कराने का लक्ष्य
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मानगो नगर निगम क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 9 महत्वपूर्ण कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। मेयर सुधा गुप्ता के अनुसार, इन कार्यों पर करीब 1.02 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कार्यादेश जारी होने के बाद अधिकतम 10 दिनों के भीतर काम शुरू कराने का लक्ष्य है।
इन योजनाओं के तहत बावनगोड़ा चौक, बागानसाही, समतानगर, गोकुलनगर, स्काई टावर, गुलजार बाग, कुली रोड और शांति नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में पाइपलाइन इंटरकनेक्शन, नई पाइपलाइन व वाल्व लगाने तथा जलापूर्ति संयंत्र के फिल्टर बेड की सफाई और मरम्मत की जाएगी। इसके अलावा आवश्यक उपकरणों की आपूर्ति एवं स्थापना भी होगी।
मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि पेयजल संबंधी समस्याओं का समाधान नगर निगम की प्राथमिकता है। इन कार्यों से तकनीकी खामियों को दूर करने और विभिन्न क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। संबंधित एजेंसियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर काम पूरा करने का निर्देश दिया जाएगा।

