
टाटा स्टील को सीएसआर और सतत विकास में राष्ट्रीय पुरस्कार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा स्टील को पर्यावरणीय जिम्मेदारी, संसाधनों के चक्रीय उपयोग और सतत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट पहल के लिए सीएसआर एवं सतत विकास में उत्कृष्टता का राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया है। कंपनी को यह सम्मान सर्वश्रेष्ठ पर्यावरणीय जिम्मेदारी पहल श्रेणी में मिला।
बेंगलुरु में वर्ल्ड एचआरडी कांग्रेस की ओर से आयोजित समारोह में कंपनी को यह पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेताओं का चयन विशेषज्ञ निर्णायक मंडल ने विभिन्न संस्थाओं की उपलब्धियों और सतत समाज के निर्माण में उनके योगदान के आधार पर किया।
टाटा स्टील की औद्योगिक उप-उत्पाद प्रबंधन इकाई (आईबीएमडी) के माध्यम से औद्योगिक उप-उत्पादों के जिम्मेदार उपयोग, संसाधन दक्षता और चक्रीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को इस सम्मान में प्रमुखता मिली। यह पुरस्कार सीएसआर, पर्यावरण संरक्षण और समावेशी विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाली संस्थाओं को प्रदान किया जाता है।

