बीएससी नर्सिंग में नामांकन नहीं मिलने पर 55 विद्यार्थी पहुंचे डीसी कार्यालय
काउंसलिंग में संस्थान आवंटित होने के बावजूद सीटें फुल बताकर लौटाया, जांच की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बीएससी नर्सिंग में नामांकन के लिए नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग पहुंचे हजारीबाग, गिरिडीह, धनबाद और बिहार के विभिन्न जिलों के करीब 55 विद्यार्थियों को सोमवार को निराश होकर लौटना पड़ा। विद्यार्थियों का आरोप है कि कंबाइंड एंट्रेंस परीक्षा के बाद नर्सिंग काउंसिल की ओर से उन्हें संस्थान आवंटित किया गया था, लेकिन पहुंचने पर सीटें फुल होने की जानकारी देकर नामांकन से मना कर दिया गया।
विद्यार्थियों के अनुसार उन्हें 28 सितंबर को संस्थान पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया था। कई विद्यार्थी रविवार को ही जमशेदपुर पहुंच गए थे। नामांकन नहीं होने पर विद्यार्थियों का एक समूह उपायुक्त कार्यालय पहुंचा और मामले की शिकायत की।
विद्यार्थियों ने काउंसलिंग प्रक्रिया में कथित विसंगतियों की जांच की मांग की। उनका कहना है कि काउंसलिंग दस्तावेजों में नोडल पदाधिकारी का नाम स्पष्ट नहीं था और उपलब्ध मोबाइल नंबर से भी उचित जानकारी नहीं मिल सकी। विद्यार्थियों ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर नामांकन की व्यवस्था कराने की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक संस्थान की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है

