वोट चोरी के आरोपों पर भाजपा का पलटवार, अभय सिंह बोले- जनता के जनादेश का सम्मान करे कांग्रेस
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। भाजपा जमशेदपुर महानगर कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनावी असफलताओं का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ने के बजाय कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वायत्त संवैधानिक संस्था है और जनता के जनादेश पर बार-बार सवाल उठाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।
अभय सिंह ने पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त एम.एस. गिल का उदाहरण देते हुए कांग्रेस से अपने अतीत को देखने की बात कही। उन्होंने SIR को मतदाता सूची को शुद्ध करने की प्रक्रिया बताते हुए कांग्रेस से इसमें सहयोग करने की अपील की। साथ ही झारखंड में कथित घुसपैठ और संदिग्ध मतदाता पहचान से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस के पास वोट चोरी या मतदाता सूची में अनियमितता के प्रमाण हैं तो उन्हें तथ्यों और दस्तावेजों के साथ निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष रखना चाहिए। प्रेस वार्ता में महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, मीडिया प्रभारी प्रेम झा और वरिष्ठ नेता अंजन सरकार मौजूद रहे।

