डायन होने के संदेह में विधवा से मारपीट, देवर गिरफ्तार
दरवाजा तोड़कर घर में घुसा आरोपी, गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। चौका थाना क्षेत्र के सावडीह गांव में डायन होने के संदेह में एक विधवा महिला के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला के देवर गुरुपद महतो उर्फ भूतू ने रविवार की देर रात करीब 11 बजे उसके घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसकर मारपीट की। घटना में गुरुवारी महतो उर्फ थुपी महतो गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने चांडिल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
बताया गया कि घटना के समय महिला घर में अकेली सो रही थी। इसी दौरान आरोपित वहां पहुंचा और उसे डायन बताते हुए मारपीट करने लगा। महिला की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना चौका पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल घायल महिला को अस्पताल भेजा।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने डायन प्रथा और अंधविश्वास के नाम पर महिला के साथ की गई मारपीट की निंदा की है।
देवर गिरफ्तार, भेजा गया जेल
चौका थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के बेटे के बयान पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में आरोपी देवर गुरुपद महतो उर्फ भूतू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पीड़िता के बेटे का आरोप है कि पूर्व के दौरान भी उसकी मां को चार बार डायन कहकर प्रताड़ित और मारपीट की गई थी।

