एसएसपी खुद बाइक से निकले शहर के हालात देखने, चौक-चौराहों पर लोगों से लिया फीडबैक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शहर में हाल के दिनों में हुई डकैती और गोलीबारी की घटनाओं के बाद पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जिले के एसएसपी ने अपराध पर अंकुश लगाने की कमान खुद संभालते हुए रविवार देर शाम बाइक से शहर के विभिन्न इलाकों का जायजा लिया।

एसएसपी बाइक से शहर की सड़कों पर घूमते हुए कई चौक-चौराहों पर रुके और स्थानीय लोगों से क्षेत्र की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से उनके इलाके में होने वाली गतिविधियों, संदिग्ध लोगों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया।
इस दौरान एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि शहर में आपराधिक घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं देर रात तक चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर बिना वजह अड्डेबाजी करने वालों को भी चेतावनी दी गई। पुलिस ने कहा कि बेवजह देर रात तक अड्डेबाजी करते पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी के खुद सड़कों पर उतरकर निरीक्षण करने की पहल का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। लोगों का कहना है कि इस तरह का अभियान नियमित रूप से चलाया जाना चाहिए। महीने में कम से कम दो बार एसएसपी और पुलिस अधिकारियों के स्तर पर शहर का औचक निरीक्षण होने से अपराधियों में पुलिस का भय बढ़ेगा और आम लोगों का भरोसा मजबूत होगा।

