*बेगूसराय में दिनकर विश्वविद्यालय को कैबिनेट से मंजूरी पर अभाविप ने खेली होली, बांटी मिठाई*
*दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना अभाविप के वर्षों के संघर्ष की जीत है,इसके लिए कई बार संघर्ष आन्दोलन करना पड़ा*
बखरी- बेगूसराय। राज्य सरकार द्वारा बेगूसराय में 15 करोड़ की लागत से राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर विश्वविद्यालय को कैबिनेट से मंजूरी दिए जाने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं में हर्ष है।
गुरुवार को अभाविप कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर और मिठाई खिलाकर जश्न मनाया।
जिला संयोजक अनुभव आनंद ने कहा कि दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना अभाविप के वर्षों के संघर्ष की जीत है। इसके लिए कई बार आंदोलन और पत्राचार किया गया। अब छात्रों का सपना साकार हो रहा है। उन्होंने सांसद और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। कहा, विश्वविद्यालय से लाखों छात्रों को लाभ होगा और उच्च शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवीन्द्र कुमार ने कहा कि औद्योगिक नगरी बेगूसराय में दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना मील का पत्थर साबित होगी। अभी छात्रों को प्रमाण पत्र के लिए दरभंगा जाना पड़ता है, जिससे आर्थिक, शारीरिक और मानसिक परेशानी होती है। बेगूसराय में विश्वविद्यालय बनने से यह समस्या खत्म होगी।
मौके पर पूर्व नगर मंत्री राजेश राज, जिला एसएफडी संयोजक आदित्य गुप्ता, नगर सहमंत्री सुशांत पोद्दार, मीडिया प्रभारी राज पाठक, मोहित केशरी, सुधांशु, सूरज, संतोष, राजेश, रिमझिम कुमारी, प्रीति, मीनू, सानिया, प्राची, रूपम, मनीषा सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।

