जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता : केशव प्रसाद मौर्य
राष्ट्र संवाद संवाददाता
लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को 7-कालिदास मार्ग स्थित कैंप कार्यालय में जनता दर्शन के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित, प्रभावी, समयबद्ध और न्यायसंगत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में भूमि एवं राजस्व विवाद, चिकित्सा सहायता, पेंशन, आवास, सड़क, बिजली-पानी, पुलिस कार्रवाई, शिक्षा और रोजगार से जुड़े मामले सामने आए। मौर्य ने कहा कि शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण नहीं, बल्कि स्थायी और संतोषजनक समाधान किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
भूमि विवादों में जिलाधिकारियों को राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम से मौके पर जांच कराने तथा अवैध कब्जे और उत्पीड़न के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनते हुए उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ हर हाल में मिले और जनता दर्शन में आने वाला कोई भी पीड़ित निराश होकर वापस न लौटे।

