जमशेदपुर में पुलिस की दोहरी कार्रवाई, ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़ और मोबाइल छिनतई का खुलासा
510 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, छिनतई का मोबाइल व बाइक बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। नशे के कारोबार और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जमशेदपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एमजीएम थाना क्षेत्र में पुलिस ने अंतरराज्यीय ब्राउन शुगर तस्करी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 510 पुड़िया ब्राउन शुगर, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की। वहीं, मानगो थाना क्षेत्र में युवती से मोबाइल छिनतई के मामले का त्वरित उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर छिनतई किया गया मोबाइल, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और घटना के समय पहना गया शर्ट बरामद किया गया।
एमजीएम थाना क्षेत्र में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रिपीट कॉलोनी स्थित काली मंदिर के पास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर दो संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से 510 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओडिशा के बड़बिल निवासी सूरज थापा और बिरसानगर निवासी करण कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े हैं और क्षेत्र में नशीले पदार्थों की आपूर्ति करते थे। डीएसपी विधि-व्यवस्था दयानंद ने बताया कि दोनों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
इधर, मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित ब्रह्म पथ के पास 20 सितंबर को मोटरसाइकिल सवार युवक ने एक युवती से मोबाइल छीन लिया था। घटना के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच के बाद आरोपी की पहचान की गई। सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-01) के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जवाहरनगर रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत गौस नगर बेल चौक निवासी कलामुद्दीन उर्फ कलाम (26) के रूप में हुई है। उसकी निशानदेही पर छिनतई किया गया मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और घटना के समय पहना गया फुल शर्ट बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ साकची थाना में वर्ष 2019 में छिनतई और चोरी का मामला दर्ज है। इसके अलावा आजादनगर थाना में वर्ष 2025 में भी दो मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

