पुराने विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, कई घायल, तीन की हालत गंभीर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा स्थित नेपाली बस्ती में शनिवार देर शाम पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर कर दिया गया। इनमें शंकोसाई रोड नंबर-1 निवासी राहुल कर, उसका साथी धीरज कुमार तथा दूसरे पक्ष का मुन्ना थापा शामिल हैं। बताया जा रहा है कि राहुल कर और धीरज कुमार की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
मारपीट में घायल अन्य लोगों में भोतू, छोटू रजक और विशेश्वर के नाम भी शामिल हैं। घटना के बाद कुछ समय तक बस्ती में तनाव और भय का माहौल बना रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद की शुरुआत शुक्रवार को नेपाली बस्ती में निकाले गए विसर्जन जुलूस के दौरान हुई थी। जुलूस में नाचने को लेकर बस्ती के ही सुशील नामक युवक और कुछ लोगों के बीच कहासुनी एवं झड़प हो गई थी। हालांकि उस समय स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया था।
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम सुशील अपने आठ-दस साथियों के साथ दोबारा बस्ती पहुंचा। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।

