सोनारी विश्वकर्मा पूजा पंडाल पहुंचे समाजसेवी राजकुमार सिंह, पूजा समिति का बढ़ाया उत्साह
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: सोनारी एरोड्रम स्थित टैक्सी-टेम्पो स्टैंड परिसर में आयोजित श्री श्री विश्वकर्मा पूजा कमिटी के पूजा पंडाल में शहर के समाजसेवी राजकुमार सिंह पहुंचे। वर्ष 1964 से संचालित इस प्रतिष्ठित पूजा समिति के पंडाल का उन्होंने अवलोकन किया और पूजा आयोजन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इस दौरान समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने राजकुमार सिंह का स्वागत किया। उन्होंने पूजा पंडाल की सजावट, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए की गई सुविधाओं की सराहना की। राजकुमार सिंह ने कहा कि विश्वकर्मा पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि श्रम, कौशल और सृजन की भावना का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

उन्होंने समिति के सदस्यों से मुलाकात कर उनके प्रयासों की प्रशंसा की और सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 1964 से लगातार विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया जा रहा है और हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना करते हैं।
राजकुमार सिंह के आगमन से समिति के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। समिति के सदस्यों ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया। पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार उमड़ रही है और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।

