लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
भगवानपुर थाना क्षेत्र में साजन कुमार की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
भगवानपुर थाना क्षेत्र के भर्डिहा गांव निवासी 18 वर्षीय साजन कुमार की शुक्रवार देर शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव बघेला चौर में जगदीशपुर जाने वाली सड़क किनारे झाड़ी से बरामद किया गया। साजन के कान और सिर में गोली मारी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
साजन मेहदौली पंचायत के वार्ड संख्या चार निवासी अरविंद पासवान का 18 वर्षीय पुत्र था। शुक्रवार शाम करीब छह बजे छह परिचित युवक मोटरसाइकिल से उसके घर पहुंचे थे। स्वजनों के अनुसार, शिवम कुमार, राजा कुमार, बिट्टू कुमार, विकास कुमार, गौरव कुमार उर्फ गोरखा और अनिल कुमार के साथ साजन घर से घूमने के लिए निकला था। देर शाम तक उसके वापस नहीं लौटने पर स्वजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की।
इसी दौरान बघेला चौर में साजन का शव पड़े होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचने पर चौर में जगह-जगह खून के निशान दिखाई दिए। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर खोजबीन की। इसके बाद जगदीशपुर जाने वाली सड़क किनारे झाड़ी से साजन का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया।
मृतक की मां सविता देवी के फर्द बयान पर भगवानपुर थाना में कांड संख्या 261/26 दर्ज की गई है। स्वजनों ने सज्जन सहनी, रामराजी सहनी और छटाकी सहनी पर साजिश रचने तथा युवकों के माध्यम से हत्या करवाने का आरोप लगाया है।
साजन कुमार की हत्या: पुलिस ने चार आरोपितों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में बगरस गांव निवासी बिट्टू कुमार, विकास कुमार, राजा कुमार और अनिल कुमार शामिल हैं। ये सभी मेहदौली पंचायत के वार्ड संख्या दो और तीन के निवासी बताए गए हैं। घटनास्थल मृतक के घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है।
शव पहुंचने पर सड़क जाम
पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही स्वजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। समसा-पीपरा पथ पर भर्डिहा गांव के पास शववाहन को सड़क पर खड़ा कर तथा अन्य सामान रखकर सड़क जाम कर दिया गया। लोग आरोपितों को फांसी देने की मांग कर रहे थे।
सूचना पर थानाध्यक्ष ऋषिकांत कुमार, एसआई अभिषेक रंजन समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद जाम हटाया गया और आवागमन सामान्य हुआ।
थानाध्यक्ष ऋषिकांत ने बताया कि मृतक का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध लूट, पॉक्सो एक्ट और मारपीट समेत अन्य गंभीर मामले दर्ज हैं। करीब एक माह पूर्व ही वह पॉक्सो एक्ट के मामले में जेल से बाहर आया था। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। अधिक जानकारी के लिए लाइव हिन्दुस्तान पर पढ़ें।

