एक सप्ताह के भीतर टिनप्लेट कंपनी में फिर हादसा, एक मजदूर की मौत, दूसरा घायल
लगातार दुर्घटनाओं से मजदूरों में आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित टाटा टिनप्लेट कंपनी परिसर में एक सप्ताह के भीतर फिर औद्योगिक हादसा हो गया। शुक्रवार को हुई दुर्घटना में एक मजदूर संजय शर्मा की मौत हो गई, जबकि दिलीप शर्मा घायल हो गए। घायल मजदूर का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मजदूरों में आक्रोश देखा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों मजदूर बीएन दत्ता कंस्ट्रक्शन के अधीन कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि बीएन दत्ता, टाटा स्टील का संवेदक है, जहां टिनप्लेट कंपनी के सीआरएम (CRM) से जुड़े निर्माण कार्य में संवेदक के माध्यम से मजदूर काम कर रहे हैं। हादसा किस कार्य के दौरान और किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
दुर्घटना के बाद दोनों मजदूरों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने संजय शर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि दिलीप शर्मा का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। गोलमुरी थाना के एएसआई अजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
गौरतलब है कि एक सप्ताह के भीतर टिनप्लेट कंपनी परिसर में यह दूसरी बड़ी दुर्घटना है। पिछले दिनों भी एक ठेका मजदूर की हादसे में मौत हुई थी। उस घटना के बाद अब दोबारा मजदूर की मौत होने से कंपनी में कार्यस्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर मजदूरों में चिंता और आक्रोश है। सवाल उठ रहा है कि आखिर बार-बार हो रही घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों को लेकर क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, हादसे की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदारी तय करने की मांग भी उठ रही है।
फिलहाल कंपनी प्रबंधन की ओर से घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस जांच और कंपनी की आंतरिक जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
प्रबंधन ने जताया दुख, शटरिंग सपोर्ट लगाने के दौरान हुआ हादसा; एक अन्य मजदूर टीएमएच में भर्ती
जमशेदपुर, 18 सितंबर। टाटा स्टील के टिनप्लेट विस्तार परियोजना स्थल पर शुक्रवार को हुए हादसे में बीएन दत्ता के अधीन कार्यरत एक ठेका मजदूर की मौत हो गई। टाटा स्टील प्रबंधन ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
कंपनी प्रबंधन के अनुसार, हादसा वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (WWTP) क्षेत्र में टावर क्रेन की नींव के लिए शटरिंग सपोर्ट लगाने के दौरान हुआ। घटना में शामिल एक अन्य ठेका मजदूर को रेस्क्यू कर टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
टाटा स्टील प्रबंधन ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। प्रबंधन ने कर्मचारियों और ठेका मजदूरों की स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बताते हुए सुरक्षित कार्य वातावरण बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

