कपाली में अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई, बालू-चिप्स लदे दो वाहन जब्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
कपाली। उपायुक्त के निर्देश पर खनन विभाग ने शुक्रवार को कपाली क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ जांच अभियान चलाया। टोयोटा शोरूम के समीप जांच के दौरान खनिज लदे दो 407 वाहनों को पकड़ा गया। इनमें एक वाहन में अवैध बालू और दूसरे में चिप्स लदा पाया गया।
खनन विभाग ने दोनों वाहनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए कपाली थाना के सुपुर्द कर दिया है।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और खनिजों के परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों और संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध खनिज कारोबार के विरुद्ध जांच और कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

