चतरा के टंडवा में बवाल: प्रेमी जोड़े को छुड़ाने के दौरान पुलिस पर पथराव, थाना प्रभारी गंभीर रूप से घायल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र स्थित सिदपा गांव से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया गया है। इस हमले में टंडवा थाना प्रभारी घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, सिदपा गांव में ग्रामीणों ने एक आदिवासी महिला और एक युवक को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया और उन्हें एक एस्बेस्टस (अल्बेस्टर) की छत वाले घर में बंद कर दिया। इसके बाद युवक के कुछ सहयोगियों ने छत तोड़कर उसे भगाने की कोशिश की।

सूचना मिलने पर जब टंडवा थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे, तो उपद्रवियों ने पुलिस पर जमकर पथराव कर दिया। पत्थरबाजी में थाना प्रभारी बुरी तरह घायल हो गए, जिनका इलाज एनटीपीसी के संजीवनी अस्पताल में चल रहा है। सूत्रों की मानें तो आत्मरक्षा में पुलिस को हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी। वहीं, चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने थाना प्रभारी के घायल होने की पुष्टि की है, हालांकि हवाई फायरिंग को लेकर उन्होंने कहा है कि पूरी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की सघन जांच में जुटी है।

