बाइक सवारों ने अगवा किया, फिर जंगल में मिला सड़क कर्मी का शव; पांच हिरासत में
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गिरिडीह। तिसरी थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण कंपनी के कर्मी मंजेश कुमार की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार को काम के दौरान बाइक सवार कुछ लोगों द्वारा उसे अगवा किए जाने की बात सामने आई थी। करीब 30 घंटे की तलाश के बाद मंगलवार को बिहार-झारखंड सीमा के पिपरातरी जंगल से उसका शव बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, पिंटू यादव के सरेंडर करने के बाद उसकी निशानदेही पर शव बरामद हुआ। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। मामले में तिसरी पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस हत्या के कारण और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
इधर, माले के पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना पर रोष जताया। उन्होंने सड़क निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर पर साजिश का आरोप लगाया है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। राजकुमार यादव ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए मुआवजा नहीं मिलने पर सड़क निर्माण कार्य रोकने की चेतावनी दी है।

