राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
औद्योगिक क्षेत्र स्थित रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड के प्लांट-1 में समारोह आयोजित कर सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं यूनियन कार्यकारिणी सदस्य मुंशी यादव को भावभीनी विदाई दी गई। प्रबंधन, यूनियन पदाधिकारियों और सहकर्मियों ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की।
समारोह में कंपनी के एचआर विभाग के सहायक महाप्रबंधक रिंटू मुखर्जी ने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा जीवन की स्वाभाविक प्रक्रिया है। उन्होंने कंपनी में मुंशी यादव की करीब 28 वर्षों की सेवा की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।
फोर्ज शॉप विभाग के प्रमुख अमित कुमार ने कहा कि सेवाकाल के दौरान मुंशी यादव ने कार्यकुशलता और समर्पण का परिचय दिया, जिसे लंबे समय तक याद किया जाएगा। कामगार संघ के अध्यक्ष अभय लाभ, महासचिव तारकेश्वर यादव, उपाध्यक्ष दिनेश राम, नवल किशोर झा, बिपुल गोलदार और अशोक शर्मा समेत अन्य ने भी उनके योगदान को सराहा।
इस अवसर पर प्रबंधन एवं कर्मचारियों ने मुंशी यादव को माला पहनाकर तथा उपहार देकर सम्मानित किया। समारोह में कंपनी के अधिकारी, यूनियन पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

