बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ ने सादगी से मनाया शिक्षक सम्मान समारोह
500 शिक्षक-शिक्षिकाएं सम्मानित, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थगित कर दी श्रद्धांजलि
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से मानगो डिमना रोड स्थित महेंद्र मैरिज हॉल में शिक्षक सम्मान समारोह सादगी के साथ आयोजित किया गया। समारोह में करीब 500 शिक्षक-शिक्षिकाओं को अंगवस्त्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ कॉलेजों के शिक्षक एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
संघ के संयोजक एवं संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने कहा कि शिक्षक का पद अमर होता है। शिक्षक द्वारा दिया गया ज्ञान पीढ़ी दर पीढ़ी जीवित रहता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक सम्मान के वास्तविक हकदार हैं और समाज को शिक्षकों के प्रति अपनी सोच बदलने की जरूरत है।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। शिक्षकों का पारंपरिक रूप से चरण धोकर और कुमकुम लगाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में पेपर लीक और नशे के बढ़ते प्रभाव पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने पेपर लीक को प्रतिभाओं और देश के भविष्य के साथ गंभीर विश्वासघात बताया।
झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री स्व. सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन के कारण बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, कठपुतली नृत्य और म्यूजिकल चेयर सहित अन्य मनोरंजक कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि दी।
मौके पर एनआईटी के मैकेनिकल विभागाध्यक्ष डॉ. बी. कुमार, जेकेएस कॉलेज के संस्थापक डॉ. एपी सिंह, कवि शेषनाग सिंह, डॉ. आरती निछावन, डॉ. निधि घई सहित संघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

