एमजीएम अस्पताल के पीछे झाड़ियों में दिखी गोह, लोगों में कौतूहल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। एमजीएम अस्पताल के पीछे झाड़ियों में गोह (इंडियन मॉनिटर लिजर्ड) दिखाई देने से लोगों में कौतूहल का माहौल बन गया। गोह को लेकर कई तरह की भ्रांतियां हैं, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार यह जीव आमतौर पर इंसानों के लिए खतरनाक नहीं होता। इसका वैज्ञानिक नाम Varanus bengalensis है।
वन्यजीव विशेषज्ञों के मुताबिक गोह के काटने से दर्द और सूजन हो सकती है, इसलिए इससे दूरी बनाए रखना जरूरी है। यह मुख्य रूप से कीड़े-मकोड़े, चूहे, मेंढक, छोटे पक्षी और अंडे खाती है तथा पारिस्थितिकी तंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

भारत में गोह को वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत सुरक्षा प्राप्त है। इसके पकड़ने, शिकार करने या नुकसान पहुंचाने पर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। गोह दिखने पर लोगों से उसे नहीं छेड़ने और वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।

