*18 घंटे बाद झाड़ियों में मिला प्रद्युम्न कुंभकार का शव, नहाने के दौरान तेज बहाव में बह गया था*
राष्ट्र संवाद संवाददाता सरायकेला
राजनगर थाना क्षेत्र के रांजड़ और छोटाकांकी गांव के समीप स्थित पुराने डैम में मंगलवार को नहाने के दौरान तेज बहाव में लापता हुए करीब 28 वर्षीय प्रद्युम्न कुंभकार का शव बुधवार सुबह बरामद कर लिया गया। करीब 18 घंटे तक चले तलाश अभियान के बाद सुबह करीब आठ बजे डैम के ऊपर झाड़ियों में शव दिखाई दिया। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार प्रद्युम्न मंगलवार को स्कूली बच्चों को वाहन से पहुंचाकर लौटने के बाद डैम में नहाने गया था। इसी दौरान अचानक जलस्तर बढ़ गया और पानी का बहाव तेज हो गया। बहाव की चपेट में आकर वह पानी में बह गया। उसके साथ नहा रहे दो अन्य लोग किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल युवक की तलाश शुरू कर दी थी। रातभर डैम और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह डैम के ऊपर झाड़ियों में शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना ने डैम और जलाशयों में बरसात के दौरान बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव के खतरे को एक बार फिर सामने ला दिया है।

