आसंगी विद्यालय में जलजमाव से बच्चों की बढ़ी परेशानी, सोमदेव प्रधान ने नगर आयुक्त से की तत्काल समाधान की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आदित्यपुर: लगातार हो रही बारिश के कारण आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 25 स्थित आसांगी ओड़िया मध्य विद्यालय परिसर में जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई है.
विद्यालय परिसर और मुख्य मैदान में पानी जमा होने से विद्यार्थियों और शिक्षकों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है.
समस्या के समाधान की मांग को लेकर झारखंड युवा मोर्चा के सरायकेला-खरसावां जिला उपाध्यक्ष सोमदेव प्रधान उर्फ विवकी ने आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त को आवेदन सौंपा. आवेदन में बताया गया है कि उचित नाली एवं जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी विद्यालय परिसर और आसपास के रास्तों में जमा हो रहा है.
जमा गंदे पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है. डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है.
सोमदेव प्रधान ने नगर निगम प्रशासन से विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और विद्यालय की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द जल निकासी की समुचित एवं स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है.आवेदन की प्रतिलिपि सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त को भी दी गई है.

