राहुल गांधी के धरने के बाद दिल्ली पुलिस ने पैलेट गन से घायल साहिल की FIR दर्ज की
एजेंसी
नयी दिल्ली, 21 अगस्त। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संसद मार्ग थाने में धरने के बाद दिल्ली पुलिस ने 20 जुलाई के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान पैलेट गन के छर्रे लगने से घायल 19 वर्षीय साहिल लोचब के मामले में शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली।
लोचब की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 118 और 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। साहिल का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान उसके शरीर और दाहिनी आंख में कई धातु के छर्रे लगे, जिससे उसकी आंख की रोशनी चली गई। एम्स की जांच में उसके शरीर में 200 से अधिक धातु के छर्रे या टुकड़े मिलने की बात कही गई है।
साहिल के अनुसार, आंख के दो ऑपरेशन हो चुके हैं और डॉक्टरों ने रोशनी वापस आने की संभावना बेहद कम बताई है। चोट के कारण उसकी पढ़ाई और दिल्ली पुलिस में भर्ती की तैयारी भी प्रभावित हुई है।
इससे पहले राहुल गांधी साहिल और उसकी मां के साथ थाने पहुंचे थे। FIR दर्ज नहीं होने पर राहुल गांधी संसद मार्ग थाने में धरने पर बैठ गए। प्रियंका गांधी वाद्रा समेत कांग्रेस के अन्य नेता भी धरने में शामिल हुए। FIR दर्ज होने के बाद राहुल गांधी ने इसे न्याय की दिशा में पहला कदम बताया।

