राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में बिष्टुपुर स्थित तिलक पुस्तकालय में श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर परविंदर सिंह ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माण के महान शिल्पकार थे। उन्होंने देश को 21वीं सदी की ओर ले जाने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी, कंप्यूटर, संचार, विज्ञान एवं तकनीक को बढ़ावा दिया। पंचायती राज को मजबूत करने तथा युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ाने के लिए मतदान की आयु 21 से घटाकर 18 वर्ष करने को भी उन्होंने महत्वपूर्ण कदम बताया।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राकेश तिवारी ने कहा कि युवाओं को राजीव गांधी के विचारों और आधुनिक भारत के सपने से प्रेरणा लेने की जरूरत है। कांग्रेस उनके लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और राष्ट्र की एकता-अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित है।
कार्यक्रम का संचालन संजय सिंह आजाद ने किया, मौके पर रियाजुद्दीन खान, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

