लगातार बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचीं विधायक पूर्णिमा साहू, घर-घर बांटी राहत सामग्री
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। लगातार हो रही बारिश से जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा के विभिन्न इलाकों में उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने विधायक पूर्णिमा साहू गुरुवार को प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचीं। उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं जानीं और जरूरतमंद परिवारों के बीच राहत सामग्री वितरित की।

विधायक ने लोगों से जलजमाव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जलजमाव वाले इलाकों में मच्छरजनित बीमारियों व संक्रमण से बचाव के लिए ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव तथा स्वच्छता संबंधी कार्य भी कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्थिति सामान्य होने तक राहत एवं सेवा कार्य जारी रहेंगे। भाजपा कार्यकर्ता भी प्रभावित परिवारों के बीच भोजन, राहत सामग्री और अन्य आवश्यक सहायता पहुंचाने में जुटे हैं। इस दौरान रंजीत सिंह, अरुण मिश्रा, संजना साहू, उमेश साव, धनराज गुप्ता, मिथिलेश साव, महावीर सिंह, पप्पू साव, सुनील साव, रवि भुइयां और कांति देवी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

