विधानसभा सामान्य प्रयोजन समिति की बैठक में योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड विधानसभा की सामान्य प्रयोजन समिति की सभापति सह कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव की अध्यक्षता में गुरुवार को परिसदन सभागार में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विधायक रौशन लाल चौधरी एवं सुरेश बैठा भी मौजूद रहे।
बैठक में आपदा प्रबंधन, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, परिवहन, पथ निर्माण, उद्योग सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। समिति ने आपदा प्रबंधन के लंबित मुआवजा मामलों का शीघ्र निष्पादन और कल्याण विभाग को शत-प्रतिशत साइकिल वितरण पूरा करने का निर्देश दिया।
शिक्षा विभाग को स्कूल परिसरों में विद्यार्थियों की सहभागिता से फलदार पौधे लगाने तथा वन विभाग को व्यापक वृक्षारोपण कराने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जीवनरक्षक दवाओं के साथ एंटीवेनम की अनिवार्य उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं राजस्व से जुड़े विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समय पर राजस्व संग्रह सुनिश्चित करने और सभी विभागों को योजनाओं की अद्यतन रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

