
जमशेदपुर। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष व्यवस्था की गई। रेलवे प्रशासन ने ट्रेन संख्या 18103 टाटा-अमृतसर एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 28181 टाटा-कटिहार एक्सप्रेस में यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया। इस दौरान स्टेशन परिसर में यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया।
पूरी व्यवस्था का संचालन एडीआरएम/सीकेपी श्री ए. त्रिपाठी, सीनियर डीसीएम/सीकेपी श्री आदित्य कुमार चौधरी तथा एआरएम/टाटानगर श्री नितिश कुमार की प्रत्यक्ष निगरानी में किया गया। अधिकारियों के मार्गदर्शन में रेलवे के आरपीएफ और वाणिज्य विभाग की टीमों ने आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाई।
स्टेशन पर यात्रियों के लिए कतारबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिससे प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ जमा नहीं हुई और यात्रियों की आवाजाही निर्बाध बनी रही। आरपीएफ कर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली, वहीं वाणिज्य विभाग की टीम ने यात्रियों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास से त्योहारों के भारी दबाव के बावजूद दोनों ट्रेनों का यात्री प्रबंधन सुचारू रूप से संपन्न हुआ। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।

