राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका : असम में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए झारखंड का भूमिज समाज आगे आया है। असम प्रदेश में रह रहे भूमिज समाज के लोगों के आग्रह पर झारखंड के भूमिज समाज ने बाढ़ पीड़ितों के सहयोग का निर्णय लिया है. इसके तहत समाज की ओर से झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग राशि एकत्रित की जाएगी।
एकत्रित राशि को असम पहुंचाकर बाढ़ प्रभावित परिवारों को सौंपा जाएगा. इस संबंध में भूमिज समाज के प्रतिनिधियों ने हाता में आयोजित पत्रकार वार्ता में जानकारी दी. प्रतिनिधियों ने बताया कि असम में बाढ़ की स्थिति के कारण बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं. ऐसी परिस्थिति में सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए झारखंड का भूमिज समाज अपने स्तर से बाढ़ पीड़ितों की मदद करेगा. इसके लिए समाज का एक प्रतिनिधिमंडल झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेगा और समाज के लोगों के साथ-साथ अन्य सहयोगी लोगों से स्वेच्छा से सहायता राशि एकत्रित करेगा. प्रतिनिधियों ने कहा कि सहयोग राशि जुटाने का उद्देश्य केवल आर्थिक मदद करना नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में असम के बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़े होकर मानवीय संवेदना और सामाजिक एकजुटता का संदेश देना भी है. झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से एकत्रित सहयोग राशि को भूमिज समाज के प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से असम ले जाया जाएगा. प्रतिनिधिमंडल बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर वहां की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही एकत्रित सहयोग राशि बाढ़ पीड़ित परिवारों को सौंपेगा. पत्रकार वार्ता में सरदार मुड़ा/नाया/डाकुआ स्वशासन व्यवस्था के हल्दीपोखर तरफ सरदार हिमांशु सरदार, हल्दीपोखर हातु सरदार रायचरण सरदार, रोलाडीह हातु सरदार सुबोध कुमार सरदार, गादी पीड़ सरदार हरिश सरदार, हातु सरदार निमाई सरदार, फुलचांद सरदार आदि उपस्थित थे.

