मुख्यमंत्री से मिले कुणाल षाड़ंगी, जमशेदपुर की हवाई सेवा सहित कई जनहित के मुद्दे उठाए
राष्ट्र संवाद संवाददाता
झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे उठाए। उन्होंने जमशेदपुर से भुवनेश्वर और कोलकाता के लिए संचालित उड़ानों को बंद होने से बचाने के लिए राज्य सरकार से केंद्र सरकार के समक्ष पहल करने का आग्रह किया।
इसके अलावा उन्होंने नई शिक्षा नीति से प्रभावित शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के समायोजन की प्रक्रिया जल्द शुरू करने, विश्वविद्यालयों में इंटरमीडिएट की पढ़ाई से जुड़े मुद्दों के समाधान तथा पूर्वी सिंहभूम के झारखंड आंदोलनकारियों को लंबित प्रमाण-पत्र जल्द उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी मुद्दों पर सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिया।

