12 अगस्त से भारत मंडपम में भारतीय व्यापार महोत्सव 2026, 40 देशों के प्रतिनिधिमंडल होंगे शामिल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 7 अगस्त। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (आईटीपीओ) के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय व्यापार महोत्सव-2026 का आयोजन 12 अगस्त से नई दिल्ली के भारत मंडपम में होगा। महोत्सव का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तथा कैट की रणनीतिक सलाहकार स्मृति ईरानी भी मौजूद रहेंगी।
कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल और राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेश सोंथालिया ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य “वोकल फॉर लोकल”, “लोकल टू ग्लोबल” और “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प को मजबूत करना है। इसमें देशभर से 700 से अधिक स्टॉल और 40 से अधिक देशों के व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भाग लेंगे।
चार दिवसीय महोत्सव में बायर-सेलर मीट, बी2बी एवं बी2जी नेटवर्किंग, स्टार्टअप शोकेस, निवेश एवं निर्यात संवाद, तकनीकी प्रदर्शनी और पैनल चर्चा आयोजित की जाएंगी। साथ ही जीआई टैग उत्पाद, हस्तशिल्प, डिजिटल कॉमर्स, फिनटेक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, हरित प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र होगी।
आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन एमएसएमई, स्टार्टअप, महिला एवं दिव्यांग उद्यमियों, कारीगरों और निर्यातकों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा तथा व्यापार, निवेश, रोजगार और निर्यात को नई गति प्रदान करेगा।

