मानगो नगर निगम के खिलाफ जदयू का आंदोलन तेज, 27 जुलाई को धरना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
विकास योजनाओं में देरी, सफाई व्यवस्था और पुलिस की निष्क्रियता पर जताया आक्रोश
जमशेदपुर। मानगो नगर निगम की कार्यशैली के विरोध में जनता दल (यू) ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। विधायक सरयू राय की मौजूदगी में बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में हुई जदयू कार्यकर्ताओं एवं मानगो जनसुविधा समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि 27 जुलाई को मानगो नगर निगम कार्यालय के समीप धरना दिया जाएगा। चेतावनी दी गई कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
बैठक में आरोप लगाया गया कि करीब 12.13 करोड़ रुपये की 38 विकास योजनाएं अब भी लंबित हैं। इनमें सड़क और बड़े नालों के निर्माण जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं। निविदा प्रक्रिया पूरी होने और संवेदकों की नियुक्ति के बावजूद काम शुरू नहीं होने पर नाराजगी जताई गई। देशबंधु लाइन, नित्यानंद कॉलोनी सहित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नालों का निर्माण समय पर नहीं होने को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई।
विधायक सरयू राय ने कहा कि प्रत्येक वार्ड में दो-दो सदस्यीय समितियां गठित की जाएंगी, जो जनसमस्याओं की निगरानी करेंगी। उन्होंने बड़े नालों की सफाई और विकास कार्यों की प्रगति की रिपोर्ट तैयार करने का भी निर्देश दिया।
बैठक में मानगो में बढ़ते अपराध, विधायक के पुतला दहन प्रकरण में एफआईआर के बावजूद कार्रवाई नहीं होने और पुलिस की कथित निष्क्रियता पर भी रोष व्यक्त किया गया। जदयू नेताओं ने चेतावनी दी कि दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी आंदोलन किया जाएगा। बैठक में जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

