राष्ट्र संवाद संवाददाता
प्रखंड परिसर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक पति-पत्नी के बीच का पारिवारिक विवाद सड़क पर आ गया। गम्हरिया प्रखंड परिसर में ही अमित सेन और उनकी पत्नी पीहू सेन के बीच जमकर मारपीट और तू-तू मैं-मैं होने लगी जिसे देखने के लिए काफी संख्या में स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ वहां इकट्ठा हो गई और वे मूकदर्शक बनकर तमाशा देखते रहे। बताया गया है कि पीहू सेन को अपने पति अमित सेन का किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध होने का लंबे समय से शक था। इसी बीच बुधवार को उसको गुप्त सूचना मिली कि उसका पति उक्त महिला के साथ गम्हरिया प्रखंड परिसर में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पीहू सेन तुरंत मौके पर जा पहुंचीं और अपने पति को उस महिला के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया जो इतना बढ़ गया कि परिसर में ही दोनों में मारपीट प्रारंभ होने लगी।हंगामा होते देख प्रखंड कार्यालय के कर्मचारियों ने हस्तक्षेप किया और दोनों को परिसर से बाहर जाने की हिदायत दी। पीड़ित पत्नी पीहू सेन ने बताया कि उनके पति की इस करतूत की शिकायत पूर्व में भी स्थानीय थाना में दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद उसके आचरण में कोई सुधार नहीं आया है।

