एसएसपी को हटाने का मुख्यमंत्री का निर्णय सराहनीय : सुनील गुप्ता
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर करणी सेना के नेता हिमांशु कुमार सिंह की हत्या की घटना के बाद राज्य सरकार द्वारा जमशेदपुर के एसएसपी पीयूष पांडे को पद से हटाए जाने के निर्णय का स्वागत किया है।
सुनील गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित नहीं कर पाने के कारण एसएसपी को तत्काल प्रभाव से हटाकर एक सराहनीय कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से यह स्पष्ट होता है कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर है और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व एसएसपी के कार्यकाल में आम लोगों को पुलिस से संबंधित शिकायतों के समाधान में अपेक्षित सहयोग नहीं मिलता था। उनका कहना था कि शिकायत लेकर पहुंचने वाले लोगों के साथ कई बार दुर्व्यवहार की शिकायतें भी सामने आती थीं, जिससे जनता में असंतोष था।
सुनील गुप्ता ने कहा कि हाल के दिनों में करणी सेना के नेता हिमांशु कुमार सिंह की हत्या जैसी गंभीर घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर कई सवाल खड़े किए हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए एसएसपी को हटाने का निर्णय जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस निर्णय की प्रशंसा करते हुए विश्वास जताया कि इससे कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।

