जमशेदपुर टीआरएफ कंपनी के पास ट्रक चालक पर जानलेवा हमला, लूट की कोशिश नाकाम; घायल चालक को पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित टीआरएफ कंपनी के समीप देर रात एक ट्रक चालक पर हथियारबंद बदमाशों ने जानलेवा हमला कर लूटपाट का प्रयास किया। चालक के विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि चालक ने साहस दिखाते हुए किसी तरह अपनी जान बचाई और बदमाश अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके।
जानकारी के अनुसार, घायल चालक की पहचान पश्चिम बंगाल के बीरग्राम निवासी जय प्रकाश रजक के रूप में हुई है। वह मुन्ना झा ट्रांसपोर्ट का ट्रक (ओडी 09 ए 3243) चलाता है। बताया गया कि घटना 30 जून की रात करीब 1:30 बजे से 2:00 बजे के बीच हुई।
उस समय जय प्रकाश अपने ट्रक के पास मौजूद था। इसी दौरान एक वाहन से तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों के हाथों में चापड़ और पिस्टल जैसे हथियार थे।
बदमाशों ने चालक को धमकाते हुए उसका मोबाइल फोन और नकदी सौंपने की मांग की। लेकिन जय प्रकाश रजक ने लूट का विरोध किया और आत्मरक्षा का प्रयास किया। इससे नाराज हमलावरों ने उस पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में चालक के शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया।
घायल अवस्था में भी चालक ने हिम्मत नहीं हारी और किसी तरह घटनास्थल से भागकर अपनी जान बचाई। इसी दौरान इलाके में गश्त कर रही बर्मामाइंस थाना पुलिस की नजर घायल चालक पर पड़ी। पुलिस ने तत्काल उसे अपने वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। चिकित्सकों ने उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई है।
घटना की जानकारी मिलते ही मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में ट्रक चालक और ड्राइवर यूनियन के सदस्य बर्मामाइंस थाना पहुंचे। यूनियन प्रतिनिधियों ने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, रात के समय ट्रक चालकों की सुरक्षा बढ़ाने, नियमित पुलिस गश्त और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
फिलहाल बर्मामाइंस थाना पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

