दिनदहाड़े महिला से सोने की चेन झपटकर फरार बदमाश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सिधगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरसानगर जोन नंबर-10 स्थित आजाद पथ, बारीडीह बस्ती में टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज के समीप रविवार शाम करीब 5:30 बजे दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। दो अज्ञात अपराधियों ने एक महिला के गले से करीब 17 ग्राम वजनी सोने की चेन झपटकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बदमाश लाल रंग की बिना नंबर प्लेट वाली आर-15 बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे। घटना को अंजाम देने से पहले उन्होंने करीब 10 मिनट तक इलाके की रेकी की। इसके बाद वे किराना सामान खरीदने के बहाने गायत्री चंद्रा की दुकान पर पहुंचे। जैसे ही महिला सामान देने में व्यस्त हुई, एक बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली।
वारदात के तुरंत बाद दोनों अपराधी तेज रफ्तार से बारीडीह गोलचक्कर की ओर भाग निकले और वहां से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन वे हाथ नहीं आए।
सूचना मिलने के बाद सिधगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी गई है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

