जमशेदपुर में कांग्रेस का केंद्र पर हमला, शिक्षा-रोजगार और पेपर लीक को लेकर सरकार को घेरा
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर: शहर के तिलक पुस्तकालय स्थित कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को प्रदेश उपाध्यक्ष सह जमशेदपुर लोकसभा प्रभारी सतीश पॉल मुंजनी और कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह की मौजूदगी में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की शिक्षा, रोजगार और परीक्षा प्रणाली को लेकर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाएं, परीक्षाओं का रद्द होना, भर्ती प्रक्रियाओं में अनावश्यक देरी और बढ़ती बेरोजगारी ने देश के करोड़ों छात्रों और युवाओं का भविष्य अधर में लाकर खड़ा कर दिया है।
वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को बार-बार परीक्षा रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में विलंब का सामना करना पड़ रहा है, जिससे युवाओं में निराशा और असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार शिक्षा और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हुई है।
इस अवसर पर कांग्रेस की ओर से “छात्र की गूंज – युवा बोलेगा, भविष्य बदलेगा” अभियान की जानकारी भी दी गई। नेताओं ने बताया कि यह अभियान छात्रों और युवाओं की समस्याओं को जानने तथा उनके शिक्षा, रोजगार और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। अभियान के माध्यम से कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को एकत्र किया जाएगा।
सतीश पॉल मुंजनी ने कहा कि आज देश का युवा रोजगार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर गंभीर नहीं दिख रही है। वहीं कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाएगी और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने छात्रों और युवाओं से इस अभियान से जुड़ने तथा अपनी समस्याओं और सुझावों को खुलकर सामने रखने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि युवाओं की भागीदारी से शिक्षा व्यवस्था में सुधार और रोजगार के बेहतर अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में सार्थक पहल संभव हो सकेगी।

