जमशेदपुर के चाकुलिया क्षेत्र में भोजन और पानी की तलाश में भटक रहा ‘रामलाल’ हाथी गुरुवार शाम चांडिल बांध की बायीं नहर की सर्विस सड़क पर पहुंच गया.
राष्ट्र संवाद संवादाता
यहां सड़क किनारे लगे खजूर के पेड़ों को तोड़कर वह उनके तनों का गूदा खाने लगा. हाथी करीब एक घंटे तक सड़क पर डटा रहा, जिससे आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई. इस दौरान हाथी ने बांस से लदे एक ट्रैक्टर और एक हाइवा को धक्का मार दिया. ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भाग निकला, जबकि हाइवा चालक वाहन के अंदर ही सुरक्षित रहा. घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.
सूचना मिलते ही वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम मौके पर पहुंची और हाथी को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास शुरू किया. बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से ‘रामलाल’ हाथी भोजन और पानी की तलाश में क्षेत्र में घूम रहा है. उसे खजूर के पेड़ों के तनों का गूदा बेहद पसंद है और इसी कारण वह बार-बार आबादी वाले इलाकों की ओर पहुंच रहा है.

