साकची में फायरिंग की चर्चा से मचा हड़कंप, पुलिस ने घटना से किया इनकार
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर के साकची क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब अभिषेक जुबली दुकान के सामने एक युवक द्वारा गोली चलाए जाने की चर्चा तेजी से फैल गई। स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की बातें होने लगीं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक कथित तौर पर फायरिंग करने के बाद मौके से फरार हो गया, जिसके बाद आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना फैलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने इस तरह की किसी भी घटना से स्पष्ट रूप से इनकार किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साकची क्षेत्र में फायरिंग की कोई पुष्टि नहीं हुई है और न ही किसी व्यक्ति के घायल होने या नुकसान पहुंचने की सूचना मिली है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

