नेचुरल स्माइल फाउंडेशन की पहल, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष फोकस
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय नेचुरल स्माइल फाउंडेशन महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य कर रहा है। संस्था का उद्देश्य “मुस्कान ही हमारी पहचान, नई सोच–नए कदम” के संकल्प के साथ जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना है।
मानगो के संकोसाई रोड नंबर-1 स्थित कार्यालय से संचालित संस्था महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण तथा स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता कार्यक्रमों का नियमित आयोजन कर रही है।
संस्था के अध्यक्ष राज गुप्ता ने बताया कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए भविष्य में भी कई जनकल्याणकारी अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सामाजिक विकास में जनभागीदारी और जागरूकता की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इसी कड़ी में संस्था द्वारा सलाम बस्ती के बच्चों को पार्क और जू की सैर कराई गई, जिससे बच्चों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। संस्था का कहना है कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में सहायक होते हैं।

