विश्व रक्तदाता दिवस पर युवाओं से रक्तदान की अपील, “रक्तदान करें-जीवनदाता बनें
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जमशेदपुर रेड क्रॉस सोसाइटी के एसडीपी प्रभारी प्रभु नाथ सिंह ने युवाओं से रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के युवा अपने एक रक्तदान से किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकते हैं और समाज सेवा की मिसाल बन सकते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि मन में कुछ अच्छा और नया करने की इच्छा है तो इसकी शुरुआत रक्तदान से की जा सकती है। युवाओं को संकल्प लेना चाहिए कि जरूरत पड़ने पर वे अपने परिवार, समाज और देश के लिए रक्तदान करेंगे। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए अपनी अच्छी दिनचर्या, माता-पिता और ईश्वर के प्रति आभार व्यक्त करें तथा मानवता की सेवा के इस अवसर को न गंवाएं।
प्रभु नाथ सिंह ने कहा कि “रक्तदाता महान है, धरती का भगवान है। रक्तदान करें, जीवनदाता बनें।”
गौरतलब है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा प्रत्येक वर्ष 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस (World Blood Donor Day) मनाया जाता है। यह दिवस शरीर विज्ञान में नोबेल पुरस्कार विजेता प्रसिद्ध वैज्ञानिक कार्ल लैंडस्टाइनर की स्मृति में आयोजित किया जाता है। रक्त समूहों की खोज करने वाले कार्ल लैंडस्टाइनर के योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ इस दिवस का उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देना और रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना है।
विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित और स्वैच्छिक रक्तदान से रक्त बैंकों में पर्याप्त रक्त उपलब्ध रहता है, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों की जान बचाई जा सकती है। ऐसे में विश्व रक्तदाता दिवस लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने और मानवता की सेवा के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

