ईंट निर्माता एसोसिएशन ने प्रदूषण बोर्ड चेयरमैन का किया स्वागत, लाइसेंस प्रक्रिया आसान होने पर जताया आभार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
वाराणसी। ईंट निर्माता एसोसिएशन, वाराणसी के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन आर पी सिंह से मुलाकात कर ईंट भट्ठों के प्रदूषण लाइसेंस संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु आभार व्यक्त किया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष हरिशंकर सिंह मुन्ना ने बताया कि वर्ष 2012 के बाद से रुकी लाइसेंस प्रक्रिया को लेकर संगठन ने लगातार प्रयास किए थे। 11 मार्च 2025 को लखनऊ में चेयरमैन, वन मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस मुद्दे को उठाया गया था, जिसके बाद सरकार ने 2026 में लाइसेंस जारी करने की अनुमति प्रदान की।
कैंट क्षेत्र स्थित होटल रामाडा में आयोजित बैठक में एसोसिएशन ने चेयरमैन का स्वागत करते हुए कहा कि लाइसेंस संबंधी बाधाएं दूर होने से ईंट उद्योग को नई गति मिलेगी तथा हजारों श्रमिकों की आजीविका सुरक्षित होगी। कार्यक्रम में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी एवं एसोसिएशन के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

