आसनचुआ बालू घाट की लीज डीड प्रक्रिया पूरी, जिले में वैध बालू आपूर्ति का मार्ग प्रशस्त
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में बालू घाटों के विधिसम्मत संचालन और राजस्व संग्रहण को बढ़ावा देने की दिशा में जिला प्रशासन को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। जिला प्रशासन की पहल पर जामताड़ा जिले के मौजा आसनचुआ स्थित 1.27 हेक्टेयर क्षेत्रफल वाले बालू घाट एवं सैंड डिपॉजिट की लीज डीड प्रक्रिया एसबोलस ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड के साथ पूरी कर ली गई है। इस घाट की वार्षिक पर्यावरण स्वीकृत मात्रा 4603.52 घन मीटर निर्धारित है।
प्रशासन के अनुसार घाट संचालन के लिए आवश्यक सभी वैधानिक एवं प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। वहीं बाँखेत एवं आमलचातर बालू घाटों की लीज डीड प्रक्रिया भी जारी है, जिसे शीघ्र पूरा करने के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
लीज डीड पूर्ण होने से जिले में वैध रूप से बालू की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, जिससे स्थानीय स्तर पर निर्माण कार्यों के लिए आवश्यक बालू की नियमित आपूर्ति संभव हो सकेगी। इसके साथ ही राज्य सरकार के राजस्व में वृद्धि होगी तथा संबंधित पंचायतों को भी इसका लाभ मिलेगा। प्रशासन का मानना है कि इससे खनन गतिविधियों में पारदर्शिता आएगी और विकासात्मक एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध बालू खनन एवं परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

