सीपीआई का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
राष्ट्र संवाद सं
कुंडहित/जामताड़ा: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) जिला कमेटी द्वारा आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार को कुंडहित मार्केट कॉम्प्लेक्स में संपन्न हुआ।जबकि पूरे सत्र का संचालन एवं मॉनिटरिंग कन्हाई चंद्र माल पहाड़िया ने किया।
प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन आयोजित वैचारिक सत्र में मार्क्सवादी चिंतक सुधीर शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान प्रतिभागियों को साम्यवाद, मार्क्सवाद एवं कम्युनिस्ट विचारधारा के मूल सिद्धांतों से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने वर्तमान सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक परिस्थितियों में कम्युनिस्ट आंदोलन की प्रासंगिकता पर विस्तार से चर्चा की। मौके पर राष्ट्रीय परिषद सदस्य कन्हाई चंद्रमाल पहाड़िया ने मार्क्सवाद के सिद्धांतों एवं आदर्शों पर अपने विचार रखते हुए कहा कि कम्युनिस्ट विचारधारा कभी समाप्त नहीं हो सकती। यह विचारधारा मजदूर वर्ग, मेहनतकश जनता, शोषित, वंचित और पीड़ित समाज के उत्थान तथा अन्याय, अत्याचार और शोषण के खिलाफ संघर्ष की नींव पर आधारित है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज में असमानता और शोषण मौजूद रहेगा, तब तक कम्युनिस्ट आंदोलन की आवश्यकता बनी रहेगी।
प्रशिक्षण शिविर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में युवा साथियों की भी भागीदारी रही।
शिविर में पार्टी की नीतियों, संगठन विस्तार, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों तथा आम जनता के बीच वैचारिक जागरूकता बढ़ाने पर भी विस्तृत चर्चा की गई। प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाना तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करना बताया गया। कार्यक्रम में जिला सचिव गौर रवानी,अंचल सचिव बादल मंडल,कृष्णदेव मंडल,मिहीर मंडल,पलाश मंडल, मिथुन मंडल, जयदेव मान्ना, परीक्षित मंडल, जीत मंडल, सुरेश राय, प्रहलाद राय, सूदन मुर्मू, रविचंदन टुडू, वज्र गोपाल घोष, संजय पाल, श्रीकांत राय, साधन मंडल सहित अनेक पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।

