जनगणना 2027 के मकान सूचीकरण कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : उपायुक्त
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जनगणना 2027 के तहत चल रहे मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य की प्रगति की समीक्षा के लिए उपायुक्त सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी आलोक कुमार ने सोमवार को जिला जनगणना कोषांग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रथम चरण में 16 मई से 14 जून 2026 तक संचालित किए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि जनगणना 2027 राष्ट्रीय महत्व का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। सभी मकानों की गणना एवं मकान सूचीकरण का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि डेटा संग्रहण और ऑनलाइन डेटा प्रविष्टि की विश्वसनीयता किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। साथ ही प्रगणकों द्वारा प्रतिदिन एकत्रित आंकड़ों की ऐप के माध्यम से ऑनलाइन प्रविष्टि में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने जनगणना कार्य के लिए प्रतिनियुक्त तकनीकी सहायकों एवं एमटीएस के ओरिएंटेशन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी जायजा लिया। उन्होंने सभी कर्मियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने की हिदायत दी। बैठक में जनगणना कार्य से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

